header logo image

राजस्थान पशु चिकित्सा और पशु विज्ञान विश्‍वविद्यालय, बीकानेर Rajasthan University of Veterinary and Animal Sciences, Bikaner (Accredited by VCI and ICAR)

76वें गणतंत्र दिवस का हुआ भव्य आयोजन कुलपति आचार्य मनोज दीक्षित ने किया ध्वजारोहण

गणतंत्र दिवस के 76वें समारोह के अवसर पर वेटरनरी विश्वविद्यालय के कुलपति आचार्य मनोज दीक्षित ने विश्वविद्यालय प्रांगण में ध्वजारोहण कर सलामी दी। कुलपति आचार्य दीक्षित ने सभी को 76वें गणतंत्र दिवस की बधाई देते हुए कहा कि हमें अपने कर्तव्यों को सत्य निष्ठा एवं ईमानदारी से निर्वाह करते हुए जीवन का प्रत्येक क्षण देश के उत्थान एवं नागरिक कल्याण में बिताना चाहिए। विश्व कल्याण की भावना मन में जागृत रखते हुए पशु, प़क्षी, वनस्पति एवं मानव कल्याण की भावना को प्राथमिकता देनी चाहिए। कुलपति आचार्य दीक्षित ने कहा कि विश्वविद्यालय का प्रयास रहा है कि पशुपालकों को श्रेष्ठ पशुचिकित्सा सुविधा उपलब्ध हो सके। भारत का गणतंत्र 75 वर्ष पूर्ण कर चूका है और इस प्लेटिनम जुबली की यात्रा बहुत संघर्षमय लेकिन संतोषजनक रही है। भारत जब आजाद हुआ तब हमारा अपना संविधान नहीं था। देश के विभाजन से अर्थव्यवस्था लगभग समाप्त हो चुकी थी लेकिन भारत ने यह संकल्प लिया कि एक समर्थ राष्ट्र बनाएगे। भारत का संविधान सबसे बड़ा लिखित संविधान है। इस संविधान को बनाने में पशुधन को लेकर भी एक विशेष बहस और चर्चा हुई। यह दुनिया का विशिष्ट संविधानों में से एक संविधान है जो मानव के साथ-साथ पशुओं तथा वातावरण के संरक्षण का प्रावधान भी रखता है। 75 वर्ष के गौरवशाली इतिहास में भारत ने सभी क्षेत्रों में प्रगति की है। भारत के युवा भारत का भविष्य है इन्हें भारत के संविधान और संस्कृति को अक्षुण्ण बनाये रखना है। एकल स्वास्थ्य योजना के तहत मानव स्वास्थ्य, पर्यावरण स्वास्थ्य और पशु स्वास्थ्य को समग्र एवं सम्मिलित प्रयासो से हम स्वास्थ विश्व की परिकल्पना कर सकते है। कुलपति आचार्य दीक्षित ने संविधान के अनुदेशिका और मूल कर्तव्यों का वाचन किया। कुलपति आचार्य दीक्षित ने वेटरनरी विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों को आई.सी.ए.आर. द्वारा आयोजित प्री.पी.जी. परीक्षा में श्रेष्ठ प्रदर्शन हेतु बधाई दी। समारोह में विद्यार्थियों एवं कर्मिको ने देश भक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुतियां दी। गणतंत्र दिवस कार्यक्रम में विश्वविद्यालय की वित्त नियंत्रक बी.एल. सर्वा, प्रति कुलपति प्रो. हेमन्त दाधीच सहित डीन-डायरेक्टर, फैकल्टी सदस्य, विद्यार्थी आमजन मौजूद रहे।
शिक्षक, विद्यार्थी एवं कर्मचारी हुए सम्मानित
कुलपति आचार्य दीक्षित ने प्रथम वर्ष स्नातक अध्ययन में उत्कृष्ट प्रदर्शन हेतु पलक, चेलसी चौहान, रूद्राक्षी राठौर एवं द्वितीय वर्ष से शैलजा तिवारी, दिव्या उपाध्याय एवं भाग्यश्री तंवर को उत्कृष्ट प्रदर्शन हेतु प्रशस्ति-पत्र प्रदान किए गए। एन.सी.सी. में उत्कृष्ट प्रदर्शन के मनीष कुमार कुरी, सीमा सुरक्षा बल में चयनित होने हेतु डॉ. लूना राम, डॉ. प्रवीण कुमार, डॉ. सौरभ डारिया, डॉ. कनिका यादव एवं डॉ. मनोज कुमार को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर 5 अशैक्षणिक कर्मचारियों को उत्कृष्ट सेवा के लिए और शिक्षण, अनुसंधान एवं प्रसार क्षेत्र में विशिष्ट कार्यों के लिए 38 शिक्षकों को उनकी उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया गया। डॉ. प्रवीण बिश्नोई, डॉ. बलवंत मेश्रराम एवं डॉ. बरखा गुप्ता को उत्कृष्ट कार्यों हेतु कुलपति अवार्ड से सम्मानित किया गया। कुलपति आचार्य दीक्षित ने पी.जी.आई.वी.ई.आर. स्थित संक्रामक रोग निदान प्रयोगशाला एवं 1 राज. आर. एण्ड वी. एन.सी.सी. यूनिट, बीकानेर को कुलपति उत्कृष्ट यूनिट अवार्ड से सम्मानित किया। कुलपति आचार्य दीक्षित एवं फैकल्टी सदस्यों ने इस अवसर पर पौधा रोपण भी किया।