बीकानेर 01 जून। राजस्थान पशुचिकित्सा और पशु विज्ञान विश्वविद्यालय, बीकानेर एवं डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन आयुर्वेद विश्वविद्यालय, जोधपुर के मध्य शनिवार को शिक्षा, शोध एवं प्रसार कार्यक्रमों हेतु आपसी करार सम्पन्न हुआ। एम.ओ.यू. के दौरान कुलगुरु वेटरनरी विश्वविद्यालय, बीकानेर डॉ. सुमंत व्यास एवं कुलगुरु आयुर्वेद विश्वविद्यालय, जोधपुर प्रो. गोविंद सहाय शुक्ला उपस्थित रहे। कुलगुरु डॉ. सुमंत व्यास ने बताया कि इस एम.ओ.यू. से दोनों विश्वविद्यालय शिक्षण, अनुसंधान एवं प्रसार गतिविधियों पर संयुक्त रूप से कार्य करेगे। इस आपसी करार से पशुचिकित्सा में आयुर्वेद विज्ञान के अर्न्त शोध विषय को बल मिलेगा जो किसानों, पशुपालकों एवं आमजन के लिए लाभकारी होगा। उन्होंने कहा कि इस करार से पशु स्वास्थ्य, जैव विविधता, पारम्परिक चिकित्सा एवं एकल स्वास्थ्य क्षेत्र में नवाचार सृजित होंगे। कुलगुरु आयुर्वेद विश्वविद्यालय, जोधपुर प्रो. गोविंद सहाय शुक्ला ने कहा कि इस एम.ओ.यू. से आयुर्वेद एवं पशुचिकित्सा विज्ञान के क्षेत्र में अंतर-विषयी सहयोग से नवीन शोध संभावनाओं को बल मिलेगा तथा समाजोपयोगी अनुसंधान को नई दिशा प्राप्त होगी। एम.ओ.यू. के दौरान दोनो विश्वविद्यालय के अधिकारीगण उपस्थित रहे।