बीकानेर, 08 सितम्बर। राजस्थान पशुचिकित्सा और पशु विज्ञान विश्वविद्यालय, बीकानेर के कुलगुरु डॉ. सुमन्त व्यास ने सोमवार को पशुधन अनुसंधान केन्द्र, चांदन (जैसलमेर) का दौरा किया। कुलगुरु डॉ. सुमंत व्यास ने फार्म में पशु उत्पादकता बढ़ाने हेतु आधुनिक फार्म तकनीकों का उपयोग करने हेतु सुझाव दिया तथा थारपारकर गाय के महत्व को ध्यान में रखते हुए इस क्षेत्र का पर्यटन एवं आमजन के लिए विशेष केन्द्र के रूप में विकसित करने का सुझाव भी दिया। केन्द्र के प्रभारी अधिकारी डॉ. मनीष कुमार ने केन्द्र पर चल रही विभिन्न परियोजओं जैसे थारपारकर गाय नस्ल के संरक्षण एवं संवर्धन परियोजना, मारवाड़ी बकरी संरक्षण परियोजना, चारा एवं चारा बीज उत्पादन परियोजना तथा पशुपालन डिप्लोमा पाठ्यक्रम आदि गतिविधियों एवं उपलब्धियों से अवगत करवाया। इस अवसर पर निदेशक कार्य (भू संपदा) डॉ. नरेन्द्र सिंह, ई.ओ. प्रतिभा पुरोहित एवं केन्द्र के कर्मचारी उपस्थित रहे।