बीकानेर 28 सितम्बर। पशुचिकित्सा एवं पशु विज्ञान महाविद्यालय, बीकानेर में सोमवार को वेटरनरी मेडीसिन विभाग एवं कैनाइन वेलफेयर सोसाइटी के संयुक्त तत्वावधान में ‘विश्व रेबीज दिवस‘ के अवसर पर श्वानों एवं बिल्लियों के लिए एक दिवसीय निःशुल्क रेबीज टीकाकरण शिविर का आयोजन महाविद्यालय के चिकित्सा संकुल में किया गया। टीकाकरण शिविर का उद्घाटन कुलगुरु वेटरनरी विश्वविद्यालय, बीकानेर डॉ. सुमंत व्यास ने किया एवं कहा कि आमजन में पालतु पशुओं में श्वानों के साथ-साथ बिल्लिया पालने की रूचि भी बढ़ी है अतः जन स्वास्थ्य के दृष्टिकोण से इन पालतु पशुओं में रेबीज एवं अन्य बीमारियों के टीकाकरण की बहुत महत्ता है ताकी इन पशुओं को संक्रामक बीमारियों से बचाया जा सके। प्रो. राजेश कुमार धूड़िया, कार्यकारी निदेशक क्लिनिक ने बताया कि शिविर के दौरान 19 श्वानों व 31 बिल्लियों को निःशुल्क टीके लगाए गये एवं श्वान व बिल्ली पालकों में रेबीज रोग के बचाव हेतु जागरूकता उत्पन्न की गई। शिविर में अधिष्ठाता वेटरनरी महाविद्यालय, बीकानेर प्रो. बी.एन. श्रृंगी सहित डॉ. सीताराम गुप्ता, डॉ. मनोहर सेन, डॉ. संध्या मोरवाल, डॉ. जे.पी कछावा, डॉ. प्रियंका कडेला एवं पी.जी. व पीएच.डी. विद्यार्थियों उपस्थित रहे।