बीकानेर, 07 अक्टूबर। राजस्थान पशु चिकित्सा और पशु विज्ञान विश्वविद्यालय, बीकानेर के वन्यजीव प्रबंधन एवं स्वास्थ्य अध्ययन केंद्र द्वारा वन्यजीव सप्ताह उत्साहपूर्वक मनाया गया। कार्यक्रम का आयोजन विद्यार्थियों एवं संकाय सदस्यों में वन्यजीव संरक्षण, प्रबंधन एवं वन्यजीव स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से किया गया। वन्यजीव सप्ताह के अंतर्गत विभिन्न शैक्षणिक एवं रचनात्मक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। मंगलवार को पोस्टर निर्माण प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें प्रतिभागियों ने वन्यजीव संरक्षण एवं जैव विविधता के महत्व को दर्शाते हुए आकर्षक एवं संदेशपरक पोस्टर प्रस्तुत किए। प्रतियोगिता में डॉ. मोहित कुमरावत ने प्रथम, संगम यादव ने द्वितीय तथा अजय गोदारा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। इसी क्रम में बुधवार को निबंध लेखन एवं क्विज प्रतियोगिता आयोजित की गई। निबंध लेखन प्रतियोगिता में डॉ. बलवीर बिराट ने प्रथम, डॉ. राजवीर सिंह ने द्वितीय तथा डॉ. लक्षिका ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। क्विज प्रतियोगिता में कई टीमों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। टीम-1 ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि टीम-2 एवं टीम-3 संयुक्त रूप से द्वितीय स्थान पर रहीं। विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को 8 अक्टूबर को आयोजित समापन समारोह में पुरस्कार एवं प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया जाएगा। कार्यक्रम का आयोजन वन्यजीव प्रबंधन एवं स्वास्थ्य अध्ययन केंद्र के प्रमुख अन्वेषक डॉ. जे.पी. कच्छावा तथा सह-प्रधान अन्वेषक डॉ. एल.एन. सांखला के मार्गदर्शन में किया गया। उन्होंने वन्यजीवों के संरक्षण, स्वास्थ्य एवं कल्याण के लिए विद्यार्थियों, पशु चिकित्सकों तथा समाज की सक्रिय भागीदारी की आवश्यकता पर बल दिया। इन प्रतियोगिताओं के माध्यम से प्रतिभागियों को वन्यजीव संरक्षण एवं जैव विविधता से संबंधित अपने ज्ञान और रचनात्मक क्षमता को प्रदर्शित करने का अवसर मिला।