header logo image

राजस्थान पशु चिकित्सा और पशु विज्ञान विश्‍वविद्यालय, बीकानेर
Rajasthan University of Veterinary and Animal Sciences, Bikaner (Accredited by VCI and ICAR)

डॉ. सुनीता चौधरी को मिला कैप्टन रैंक

बीकानेर, 24 अक्टूबर। राजस्थान पशु चिकित्सा और पशु विज्ञान विश्वविद्यालय, बीकानेर के कुलगुरु सचिवालय में आज आयोजित पिपिंग समारोह में 1 राज आर.एंड वी. स्क्वाड्रन एन.सी.सी., बीकानेर की एसोसिएट एन.सी.सी. ऑफिसर (ए.एन.ओ.) लेफ्टिनेंट डॉ. सुनीता चौधरी को कैप्टन रैंक पर पदोन्नत किया गया। कुलगुरु डॉ. सुमंत व्यास एवं कमान अधिकारी कर्नल सेमुअल जोसेफ प्रेम कुमार ने उनके कंधों पर नए रैंक के प्रतीक लगाकर उन्हें बधाई दी। इस अवसर पर कुलगुरु डॉ. सुमंत व्यास ने कैप्टन डॉ. सुनीता चौधरी की उपलब्धि को विश्वविद्यालय के लिए गौरवपूर्ण बताया। उन्होंने छात्राओं को भारतीय सेना में प्रवेश लेकर राष्ट्रसेवा में सक्रिय योगदान देने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि सैन्य सेवाओं में बेटियों की बढ़ती भागीदारी महिला सशक्तीकरण और राष्ट्र की सुरक्षा को मजबूती प्रदान करती है। एन.सी.सी. छात्राओं में आत्मविश्वास, अनुशासन एवं नेतृत्व क्षमता विकसित करने का सशक्त माध्यम है। कमान अधिकारी कर्नल सेमुअल जोसेफ प्रेम कुमार ने राष्ट्र निर्माण में एन.सी.सी. की महत्वपूर्ण भूमिका को बताया। उन्होंने कहा कि एनसीसी युवाओं में कर्तव्यनिष्ठा, एकता, सेवाभाव तथा जिम्मेदार नागरिकता के गुण विकसित करती है। उन्होंने भारतीय सेना में प्रवेश के विभिन्न मार्गों की जानकारी देते हुए युवाओं को सैन्य सेवाओं के लिए तैयारी करने और उपलब्ध अवसरों का लाभ उठाने हेतु प्रोत्साहित किया। कैप्टन डॉ. सुनीता चौधरी ने आर.वी.सी. कॉलेज एवं सेंटर, मेरठ से प्रशिक्षण प्राप्त किया है। उनकी पदोन्नति विश्वविद्यालय के एन.सी.सी. कैडेट्स, विशेषकर छात्राओं के लिए प्रेरणास्रोत है।