बीकानेर, 21 नवम्बर। राजस्थान पशुचिकित्सा और पशु विज्ञान विश्वविद्यालय, बीकानेर के आई.सी.ए.आर. ईन्फार परियोजना के तत्वावधान में शुक्रवार एवं शनिवार को विश्व रोगाणुरोधी प्रतिरोध सप्ताह के अंतर्गत विभिन्न स्थानों पर विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। परियोजना के प्रमुख अन्वेषक डॉ. राजेश सिंगाठिया ने बताया की इन कार्यक्रमों का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों एवं आमजन को एंटीमाइक्रोबियल रेजिस्टेंस (ए.एम.आर.) के बढ़ते खतरे के प्रति जागरूक करना रहा। इस क्रम में शुक्रवार को पशु चिकित्सा सूक्ष्मजीव विज्ञान विभाग के सहायक आचार्य डॉ. दिवाकर ने पशु विज्ञान केन्द्र, लूणकरणसर में पशुपालकों को एंटीबायोटिक और एंटीमाइक्रोबियल प्रक्रिया, ए.एम.आर. की प्रक्रिया, दवाओं के सही उपयोग की विधि तथा गलत उपयोग से होने वाले दुष्प्रभावों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। डॉ. दिवाकर ने एंटीबायोटिक अवशेष पर प्रकाश डालते हुए विड्रॉल पीरियड के महत्व के बारे में बताया। शिविर के दौरान पशुपालकों को पशु विज्ञान केंद्र की प्रयोगशाला में उपलब्ध रक्त, दूध, मल एवं मूत्र आदि की निशुल्क जांच सुविधाओं की जानकारी भी दी गई। इसके साथ ही पशु स्वास्थ्य एवं वैज्ञानिक पशुपालन से संबंधित विभिन्न विषयों पर चर्चा की गई तथा प्रसार शिक्षा निदेशालय, वेटरनरी विश्वविद्यालय द्वारा प्रकाशित मासिक पत्रिका “पशु पालन नए आयाम” का वितरण किया गया। इसी क्रम में शुक्रवार को विभाग में कार्यरत यंग प्रोफेशनल डॉ. फेमिना अंजुम द्वारा एम.एन. कॉलेज, बीकानेर के विद्यार्थियों के लिए ए.एम.आर. जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। डॉ. फेमिना अंजुम ने एंटीमाइक्रोबियल रेजिस्टेंस की अवधारणा, इसके विकसित होने के कारणों तथा एंटीबायोटिक के अनावश्यक एवं अनुचित उपयोग से होने वाले दुष्परिणामों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि एंटीबायोटिक दवाओं का उपयोग केवल चिकित्सक की सलाह पर निर्धारित खुराक एवं अवधि के अनुसार ही करना चाहिए। साथ ही, उन्होंने ए.एम.आर. की रोकथाम में जागरूकता एवं जिम्मेदार एंटीबायोटिक उपयोग के महत्व पर जोर दिया। कार्यक्रम की कड़ी में शनिवार को वेटरनरी महाविद्यालय, बीकानेर के स्नातकोत्तर विद्यार्थियों के लिए इंफार परियोजना के मुख्य अन्वेषक डॉ. राजेश सिंगाठिया के दिशा-निर्देशन में ए.एम.आर. जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को एंटीमाइक्रोबियल रेजिस्टेंस के बढ़ते खतरे तथा एंटीबायोटिक दवाओं के विवेकपूर्ण एवं जिम्मेदार उपयोग के प्रति जागरूक करना रहा जिसमें महाविद्यालय के सहायक आचार्य डॉ. राम कुमार द्वारा विद्यार्थियों को ए.एम.आर. के प्रति जागरूक किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।