बीकानेर 17 जुलाई। राजस्थान पशुचिकित्सा और पशु विज्ञान विश्वविद्यालय, बीकानेर के सर्जरी विभाग की टीम ने एक जटिल सर्जरी प्रक्रिया कर घोड़ी के अण्डाशय से ट्युमर को सफलतापूर्वक हटाया। निदेशक क्लीनिक्स एव सर्जरी के विभागाध्यक्ष प्रो. प्रवीण बिश्नोई ने बताया कि क्लिनिक्स में जोधपुर से लाई गई मारवाड़ी नस्ल कीघोड़ी के अंडाशय से 400 ग्राम वजनी और 7 सेंटीमीटर लंबा ट्यूमर सफलतापूर्वक निकाला गया। राजस्थान में पहली बार किसी घोड़ी की खड़े-खड़े पेट की इतनी बड़ी सर्जरी सुरक्षित एनेस्थीसिया देकर की गई है। पशुपालक के अनुसार, यह मारवाड़ी घोड़ी पिछले 6 महीने से अधिक समय से अनियमित हीट की समस्या से पीड़ित थी। घोड़ी की जांच उपरान्त दाहिने अंडाशय में गांठ पाई गई। घोड़ी का क्लीनिकल और अल्ट्रासोनोग्राफी परीक्षण किया गया तो सेल ट्यूमर होना पाया गया। सर्जरी विभाग की टीम द्वारा घोड़ी का सुरक्षित एनेस्थीसिया दवाओं के अनूठे संयोजन कर खड़े-खड़े ऑपरेशन किया गया। ऑपरेशन उपरान्त घोड़ी स्वस्थ अवस्था में सक्रिय रही। यह ऑपरेशन प्रो. प्रवीण बिश्नोई, डॉ. अनिल बिश्नोई, डॉ साकार पालेचा, डॉ बालकृष्ण तथा रेजिडेंट डॉक्टरो की टीम द्वारा किया गया। इस ऑपरेशन में घोड़ी को बिना गिराए, खड़ी स्थिति में ही अंडाशय में गांठ का सफल ऑपरेशन किया गया। इस ट्यूमर के ऑपरेशन के बाद घोड़ी का प्रजनन चक्र फिर से सामान्य हो जाएगा और वह भविष्य में बच्चे पैदा कर सकेगी।