बीकानेर 02 अक्टूबर। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 157वीं जयंती के अवसर पर वेटरनरी महाविद्यालय, बीकानेर में शुक्रवार को स्वच्छता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए कुलगुरु डॉ. सुमंत व्यास ने महात्मा गांधी की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित किए एवं बताया कि हमें अहिंसा के नियमों को अपनाते हुए राष्ट्र निर्माण हेतु समर्पित रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि वर्तमान परिपेक्ष्य में आमजन में स्वच्छता की भावना सुदृढ़ हुई है एवं हमें सदैव इसी भावना के लिए प्रेरित रहना होगा जो कि राष्ट्र निर्माण में भी आवश्यक है। कुलगुरु डॉ. सुमंत व्यास ने महात्मा गांधी जी एवं लाल बहादुर शास्त्री जी के आदर्शों को जीवन में अपनाने हेतु प्रेरित किया तथा साथ ही उन्होंने सत्य, अहिंसा, स्वच्छता, अनुशासन एवं देश प्रेम जैसे आदर्शों का विद्यार्थी जीवन में महत्व को बताया। कार्यकारी अधिष्ठाता वेटरनरी महाविद्यालय बीकानेर प्रो. राजेश कुमार धूड़िया ने बताया कि इस स्वच्छता कार्यक्रम में महाविद्यालय परिसर एवं छात्रावास परिसर में श्रमदान कर साफ-सफाई की गई एवं परिसर को साफ-सुथरा रखने हेतु संकल्प लिया गया। कार्यक्रम के दौरान विश्वविद्यालय के अधिकारी, शिक्षक, कर्मचारी, विद्यार्थी, एनसीसी कैडेट्स एवं एनएसएस स्वयंसेवक उपस्थित रहे और स्वच्छता कार्यक्रम में भागीदारी निभाई।