बीकानेर 06 जुलाई। पशुचिकित्सा एवं पशु विज्ञान महाविद्यालय, बीकानेर में सोमवार को विश्व जूनोसिस दिवस के उपलक्ष में विद्यार्थियों हेतु वेटरनरी पब्लिक हेल्थ विभाग द्वारा विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन करवाया गया। डॉ. दीपिका धूड़िया प्रभारी, वेटरनरी पब्लिक हेल्थ विभाग ने बताया कि प्रत्येक वर्ष 6 जुलाई को विश्व जुनोसिस दिवस के रूप में मनाया जाता है। जिसका उद्धेश्य आमजन में पशुओं से मनुष्य में फैलने वाली संक्रामक बीमारियों के प्रति जागरूकता उत्पन्न करना है। वर्तमान परिदृश्य में पशुओं से मनुष्यों में होने वाले रोग एवं उनसे बचाव के बारे में जानकारी होना और पशुओं के साथ-साथ मनुष्यों के स्वास्थ्य को बनाए रखने के लिए इस तरह की जागरूकता होना अत्यंत आवश्यक है एवं इसी क्रम में छात्र-छात्राओं को संकल्प दिलवाया गया कि वे पशु चिकित्सा क्षेत्र के साथ साथ आम जन को भी पशुजन्य रोगों की विकराल समस्या एवं बचाव के प्रति जागरूक करें। वेटरनरी महाविद्यालय, बीकानेर में सोमवार को विद्यार्थियों हेतु “बढते ज़ूनोसिस के प्रति आपसी दायित्व एवं साझा स्थान” विषय पर निबंध प्रतियोगिता एवं “चमगादड़ से मनुष्य के मध्य बीमारी का बहाव” विषय पर पोस्टर प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्र में डॉ. देवेन्द्र चौधरी एवं डॉ. वैशाली ने विभिन्न जूनोटिक रोगों के बारे में जानकारी प्रदान की। कार्यक्रम के आयोजन में डॉ. हेमलता, डॉ. चित्रा और डॉ. जयंत स्वामी का सहयोग रहा।