header logo image

राजस्थान पशु चिकित्सा और पशु विज्ञान विश्‍वविद्यालय, बीकानेर
Rajasthan University of Veterinary and Animal Sciences, Bikaner (Accredited by VCI and ICAR)

वेटरनरी महाविद्यालय, बीकानेर के बैच-2020 के इंटर्नशिप पूर्ण विद्यार्थियों का शपथ ग्रहण कार्यक्रम

बीकानेर 20 जुलाई। पशुचिकित्सा एवं पशु विज्ञान महाविद्यालय, बीकानेर के वर्ष 2020 बैच के छात्र-छात्राओं इंटर्नशिप पूर्ण होने पर शपथ ग्रहण समारोह सोमवार को महाविद्यालय के फैकल्टी हाऊस में आयोजित किया गया। शपथ-ग्रहण समारोह पर वेटरनरी विश्वविद्यालय, बीकानेर के कुलगुरु डॉ. सुमंत व्यास ने छात्र-छात्राओं को पशु चिकित्सा की शपथ दिलाते हुए अपने उद्बोधन में पशु कल्याण के लिए कार्य करने का आह्वान किया। कुलगुरु ने कहा कि पशु चिकित्सा का क्षेत्र न केवल रोजगार के अवसर प्रदान करता है बल्कि यह मानवता के प्रति दया-भाव का संदेश भी देता है तथा इस क्षेत्र में असीम संभावनाएं है जिन्हें नव शिक्षित पशु चिकित्सक अपनी रूचि के अनुसार चुन सकते है। कुलगुरु डॉ. सुमंत व्यास ने कहा कि विद्यार्थियों के नाम के आगे जुड़ा डॉक्टर शब्द समाज में जिम्मेदारी भी लाता है जिसका कर्तव्यपूर्ण निर्वहन जरूरी है। इस अवसर पर महाविद्यालय के अधिष्ठाता प्रो. बी.एन. श्रृंगी ने विद्यार्थियों को ईमानदारी एवं कर्तव्यनिष्ठता का पालन करते हुए स्वयं एवं विश्वविद्यालय का नाम रोशन करने हेतु प्रेरित किया। समारोह में विश्वविद्यालय इंटर्नशिप समन्वयक प्रो. प्रवीण बिश्नोई ने सभी का धन्यवाद ज्ञापित करते हुए बैच 2020 के विद्यार्थियों की इंटर्नशिप पूर्ण होने पर बधाई दी और सफल भविष्य हेतु शुभकामनाएं प्रेषित की। कार्यक्रम में निदेशक प्रसार शिक्षा प्रो. राजेश कुमार धूड़िया, अधिष्ठाता छात्र कल्याण डॉ. पंकज कुमार थानवी सहित विश्वविद्यालय के समस्त अधिकारीगण व फेकल्टी सदस्य उपस्थित रहें। कार्यक्रम का संचालन डॉ. अशोक डांगी ने किया।