header logo image

राजस्थान पशु चिकित्सा और पशु विज्ञान विश्‍वविद्यालय, बीकानेर
Rajasthan University of Veterinary and Animal Sciences, Bikaner (Accredited by VCI and ICAR)

वेटरनरी विश्वविद्यालय की पीजी स्कोलर को गेट्स फाउंडेशन प्रायोजित आई.सी.ए.आर. – निवेदी की प्रतिष्ठित फेलोशिप स्वीकृत

बीकानेर 16 जुलाई। वेटरनरी विश्वविद्यालय बीकानेर के उदयपुर परिसर में अध्ययनरत पी.जी. स्कोलर डॉ. रूही खान को गेट्स फाउंडेशन द्वारा प्रायोजित राष्ट्रीय पशु रोग एपिडेमियोलोजी तथा डिजीज मोडलिंग फेलोशिप प्रोग्राम (इनलीड-जीएफ) अन्तर्गत आईसीएआर निवेदी द्वारा पी.जी. रिसर्च हेतु फेलोशिप स्वीकृत की गई है। डॉ. रूही वेटरनरी विश्वविद्यालय, बीकानेर के नवानिया, उदयपुर परिसर में पशुचिकित्सा स्नातकोत्तर कार्यक्रम में अध्ययनरत है। वेटरनरी विश्वविद्यालय के कुलगुरु डॉ. सुमंत व्यास ने इस उपलब्धि पर रूही को बधाई एवं शुभकामनाएं प्रेषित की। कुलगुरु डॉ. सुमंत व्यास ने बताया कि गेट्स फाउंडेशन द्वारा प्रायोजित आई.सी.ए.आर. निवेदी की यह प्रतिष्ठित फेलोशिप पी.जी. स्कोलर्स को पशु रोगों के नियंत्रण हेतु अनुसंधान कार्य को उत्कृष्टता प्रदान करने हेतु दी जाती है। आईसीएआर निवेदी पशु रोगों की व्यापकता, सूचना तथा पशु रोग सर्वेक्षण के क्षेत्र में कार्य करने वाला राष्ट्रीय संस्थान है। फेलोशिप का उद्देश्य पशुचिकित्सा के क्षेत्र में अतिकुशल फ्यूचर रेडी वर्क फोर्स तैयार करना है। फेलोशिप के माध्यम से पी.जी. विद्यार्थियों को मल्टी-इंस्टीट्यूशनल मेंटरशिप के अवसर भी प्राप्त हो सकेंगे। वेटरनरी महाविद्यालय नवानिया उदयपुर के अधिष्ठाता डॉ. शिव शर्मा ने बताया कि महाविद्यालय को रुही खान की प्रथम वर्ष की फेलोशिप के लिए कुल 3 लाख 54 हजार रुपये की राशि स्वीकृत की गई है। जिसका उपयोग उसके द्वारा रिसर्च कार्य हेतु किया जा सकेगा। डॉ. रूही खान पशुचिकित्सा परजीवी रोग विज्ञान के क्षेत्र में डॉ. हाकिम मंजर के मार्गदर्शन में अनुसंधान कार्य करेगी।