बीकानेर 17 जुलाई। पशुचिकित्सा एवं पशु विज्ञान महाविद्यालय, बीकानेर में शुक्रवार को “पशुचिकित्सक द्वारा शोध एवं अनुसंधान का रोजगार के रूप में चयन” विषय पर व्याख्यान आयोजित किया गया। इस अवसर पर वरिष्ठ प्रधान शोधकर्ता, स्ट्राइकर न्यूरोवस्कुलर, कैलिफोर्निया (यू.एस.ए.) एवं वेटरनरी महाविद्यालय, बीकानेर के एलुमनाई डॉ. मनीष तनेजा इस कार्यक्रम के मुख्य वक्ता रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए कुलगुरु डॉ. सुमंत व्यास ने कहा कि इस प्रकार के व्याख्यान विद्यार्थियों एवं शोधार्थियों की विषय विशेषज्ञता बढ़ाने में अत्यंत महत्वपूर्ण रहेगे तथा शोध की दिशा में भविष्य निर्माण हेतु सार्थक सिद्ध होंगे। डॉ. तनेजा ने शोध के क्षेत्र में पशुचिकित्सक की भूमिका एवं वैश्विक पटल में पशुचिकित्सकों हेतु रोजगार के विभिन्न आयामों को विस्तार से बताया। इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों को विदेश में शिक्षा एवं शोध हेतु आवश्यक परीक्षाओं के बारे में जानकारी प्रदान की। कार्यक्रम के अंत में अधिष्ठाता वेटरनरी महाविद्यालय, बीकानेर प्रो. बी.एन. श्रृंगी ने सभी का धन्यवाद ज्ञापित किया। कार्यक्रम के दौरान विश्वविद्यालय के अधिकारी, शिक्षक एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान मंच संचालन डॉ. अशोक कुमार ने किया।