बीकानेर, 24 जुलाई। राजस्थान पशु चिकित्सा और पशु विज्ञान विश्वविद्यालय, बीकानेर के ‘पशु जैव विविधता संरक्षण केंद्र‘ द्वारा शुक्रवार को द्रोण चिल्ड्रन सीनियर सेकेंडरी स्कूल में जैव विविधता संरक्षण जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की मुख्य वक्ता एवं केंद्र की प्रभारी अधिकारी डॉ. रजनी अरोड़ा ने विद्यार्थियों को पर्यावरण और जैव विविधता के महत्व के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि प्रकृति में संतुलन बनाए रखने और मानव जीवन को सुरक्षित रखने के लिए पशु जैव विविधता का संरक्षण बेहद आवश्यक है। डॉ. अरोड़ा ने बच्चों को पशु-पक्षियों और पर्यावरण के प्रति दयालु व संवेदनशील बनने की प्रेरणा दी। इस दौरान विद्यार्थियों द्वारा जैव विविधता से जुड़ी शंकाओं का समाधान भी किया गया। पर्यावरण संरक्षण के संदेश को मूर्त रूप देते हुए कार्यक्रम के दौरान कैंपस में पौधारोपण भी किया गया। स्कूल स्टाफ और विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक पौधे लगाए और उनकी देखभाल का संकल्प लिया। कार्यक्रम में कुल 37 विद्यार्थियों ने भाग लिया। कार्यक्रम आयोजन में स्कूल प्रधानाचार्य सुमन यादव एवं अन्य शिक्षकों का सराहनीय सहयोग रहा।