बीकानेर, 30 अक्टूबर। राजस्थान पशुचिकित्सा और पशु विज्ञान विश्वविद्यालय, बीकानेर में माननीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी की “पी.एम. किसान सम्मान निधि योजना” का लाइव प्रसारण शुक्रवार को फैकल्टी हाउस में किया गया। इस ऑनलाइन कार्यक्रम को विश्वविद्यालय के अधिकारीगण, संकाय सदस्य, विद्यार्थियों ने देखा और सुना। इस अवसर पर विद्यार्थियों को सम्बोधित करते हुए कुलगुरु डॉ. सुमंत व्यास ने कहा कि पशुपालन के क्षेत्र में चक्रित अर्थव्यवस्था से पशुपालकों को सतत् आर्थिक लाभ मिलता है जिसमें पशुपालन केवल दुग्ध आधारित न रह कर अन्य उत्पाद जैसे गोबर, गोमुत्र, आदि को खाद एवं ईंधन के रूप में तकनीको के माध्यम से उपयोग बढ़ाया जाता है। कुलगुरु डॉ. सुमंत व्यास ने बताया कि बायोगैस के उपयोग से ना केवल ईधन की बचत होती है अपितु पर्यावरण संतुलन रहता है एवं विदेशी मुद्रा की भी बचत होती है। माननीय प्रधानमंत्री द्वारा गुजरात के बनासकांठा जिले से किसान सम्मान निधि योजना की 24वीं किस्त के तहत 9 करोड़ 34 लाख से अधिक पात्र किसानों को 18,690 करोड़ रूपये की सम्मान राशि का हस्तांतरण कार्यक्रम के लाइव प्रसारण को दिखाया गया। इस अवसर पर निदेशक प्रसार शिक्षा प्रो. राजेश कुमार धूड़िया सहित विश्वविद्यालय के फैकल्टी सदस्य एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।