बीकानेर 09 जून। विश्वविद्यालय सामाजिक दायित्व के तहत पशुचिकित्सा एवं पशु विज्ञान महाविद्यालय, बीकानेर द्वारा गोद लिए गाँव बम्बलू के अटल सेवा केन्द्र में मंगलवार को खेत बचाओं अभियान अंतर्गत किसान जागरूकता एवं जल संरक्षण एवं प्रबंधन कार्यक्रम का आयोजन किया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य किसानों को आधुनिक एवं टिकाऊ खेती, रसायनिक उर्वरकों और कीटनाशकों के संतुलित उपयोग एवं जल संरक्षण व वर्षा जल संचयन को प्रोत्साहित करना था। इस कार्यक्रम में कृषि पर्यवेक्षक, बम्बलू महावीर गोदारा ने किसानों को मूंग व ग्वार की वैज्ञानिक खेती करने, फसलों में संतुलित पोषण प्रबंधन एवं जैविक उर्वरक का खेती में उपयोग करने के बारे में जानकारी दी। कार्यक्रम के दौरान यु.एस.आर. समन्वयक, वेटरनरी महाविद्यालय, बीकानेर डॉ. प्रियंका कड़ेला ने जल संरक्षण एवं प्रबंधन की विभिन्न योजना के बारे में जानकारी दी और मृदा परीक्षण के महत्व एवं मृदा स्वास्थ्य कार्ड के लाभों की जानकारी दी साथ ही मृदा स्वास्थ्य कार्ड बनवाने के लिए प्रेरित किया। इस आयोजन में हेतराम कूकणा, मनोज कुमार एवं अन्य ग्रामवासियों का सहयोग रहा।